Wednesday, 25 January 2017

जिसे देखो वही दिल से यहाँ पर खेल जाता है

जिसे देखो वही दिल से यहाँ पर खेल जाता है
शराफत का पुजारी आज अक्सर जेल जाता है


जो कल तक दूसरों को धर्म की बातें बताता था
वो कुछ सिक्कों के ख़ातिर अपना ईमां बेच जाता है


घरों की देवियाँ सजती हैं अक्सर अब दुकानों में
कि हर ख़रीदार आकर ये सजावट देख जाता है


ज़रा सी दौलतें पायी ख़ुदा खुद को समझ बैठा
बड़े गुमान से रोटी के टुकड़े फेंक जाता है


जो कल तक हर घडी रहता था लिपटा माँ की आँचल से
वो बेटा आज माँ को छोड़कर परदेस जाता है


कि कल तक छाँव में जिसकी वो थक कर रोज़ सोते थे
उन्ही हाथों से काटा आज हर इक पेड़ जाता है


बदलते वक़्त का किस्सा बयां करता है ये ‘कुन्दन’
यहाँ हर एक गली से अब गुज़रता शेर जाता है !

No comments:

Post a Comment